बड़े - बड़े दावे,
खोखले सावित हुए,
दिल से किये वादे,
झूठे सावित हुए,
गम्भीर आश्वासन,
समय के साथ,
गर्द की परतों में,
छुप गया।
सुनहरी आशाएँ,
धुंधली होती चली गईं।
कसम से,
सच्ची कसम टूट गयी,
प्रतिज्ञा भंग हुईं,
शपथ बिसरा दिया गया,
वचन भुला दिया गया,
वो तो बस,
थोड़ी नाजुक सी ही सही,
पर,
ईमानदार कोशिश ही थी,
जो धीमी गति से,
पहुँच सकी थी,
अपने लक्ष्य तक।
Thursday, 30 March 2017
नाजुक - सी
बात की यात्रा
बात घूम - फिरकर,
पहुँच ही गयी थी,
उस तक,
जिसके पीछे शुरु हुई थी।
सुनते ही उसे,
झटका - सा लगा था,
हाव - भाव भी,
बदल ही गए थे।
अपमान का बोध,
गहराने लगा था,
आंसू छलछला आये थे।
कंठ में अवरोध सा,
अनुभव हुआ था।
शरीर का संतुलन,
बिगड़ने लगा था।
खुद को सँभालने का प्रयत्न,
असफल सिद्ध हुआ था।
ज़बरदस्ती मुस्कुराने की,
कोशिश में,
हिचकी बँध गयी थी।
मूसलाधार बारिश की तरह,
बहने लगे थे आँसू।
याद आने लगी थीं,
एक - एक कर,
वो मीठी - प्यारी बातें,
जो अक्सर,
उसके सामने हुआ करती थीं।
सामने और पीछे के,
भेद की परत को,
पहचान न पाने का दुःख,
साल रहा था,
वरना बातें तो,
बातें ही थीं,
चाहे मीठी रही हों,
या कड़वी।
ज़िस्म और जान
माँ,
समझने लगी हूँ,
क्यों कहती हो
कि मैं तुम्हारी जान हूँ,
लगता है,
तुम्हारे मन के भीतर,
गहरी बहुत गहरी,
असुरक्षा भाव है,
मुझे लेकर।
शाम में
मेरे लौटने पर,
कितना गौर से,
देखती हो मुझे,
कपड़ों की,
एक - एक सिलवट,
लट की,
प्रत्येक उलझन,
गालों की रंगत.....
सिर्फ देखती ही नहीं,
सूंघती भी हो मुझे,
कि मेरे ज़िस्म से,
ठीक वैसी ही,
गंध आ रही है न,
जैसी सुबह,
घर से निकलते वक्त थी,
छू -छू कर तसल्ली करती हो,
कि सब ठीक है न,
तुम्हारे चेहरे के भाव,
शब्दों के,
मोहताज नहीं,
संभल - संभल कर,
बोलती हो।
मेरे और,
दुनिया के बीच की पाट में,
पिसती हो।
क्या मैं जानती नहीं,
तुम्हारा द्वंद्व।
सचमुच....
चाहती तो हो,
मुझे आगे जाने देना,
तो सुनती क्यों हो,
इसकी - उसकी।
डरती क्यों हो?
इससे - उससे।
याद है,
कितनी बार,
दुहराती हो -
तेरी खुशी के लिए,
कुछ भी करूंगी।
फिर!
ये क्यों नहीं करती,
कि
डर और संदेह के,
अंधेरों से,
बाहर निकल आओ।