Sunday, 2 July 2023

दुत्कारे जाने का दर्द

 दुत्कारे जाने का दर्द

सहा जाना

कठिन था

तो उसने 

पलटकर

दर्द को ही

दुतकारा था

दर्द ने उसे

दोनों हथेलियों पर

उठा लिया

वह उपेक्षा से

घबराई थी

पर उसकी मार ने

उसे कंधों

पर बैठाकर

उसकी दृष्टि को

दूर तक

स्पष्ट कर दिया

वह अपमान से

टूटी थी

पर अपमान ने

उसे समझाया

दूसरों की

गलती में भला

तुम्हारा क्या दोष

वह चोट खाकर

तिलमिलाई थी

पर चोट धीरे-धीरे

उसका पथ-प्रदर्शक

बन गया


नेना और मम्मी

 नेना और मम्मी


आपको गर्भमें 

धारण कर,

पढ़ रही थी मैं…

किताबें

लिख रही थी 

लेख और डेज़रटेशन

फिर

दोनों हथेलियों में

आपको थाम 

आपका

चेहरा पढ़ने लगी

लिखने लगी

लोरियां

जो मेरे होठों पर

आतीं कि

कण्ठ सुरीली

तान उठाने लगती

आपके 

नन्हें गुलाबी होंठ

मुस्कुराते से 

शब्दों को पकड़ने

को आतुर 

कि क्षणांश में

रोनी सूरत

बना लेते आप

आपकी दादी

कहती थीं 

हर बच्चा

ऐसे ही रोता-हँसता है

इस वक्त वह

भगवान से बातें

करता है

आपकी नानी

कहतीं-

मेरी अल्हड़ बेटी 

शिशु पकड़ना भी

नहीं आता

ऐसे लिए आ रही है

बाबू को

जैसे आरती की थाली

धीरे-धीरे

खेल-खेलमें

बदलने लगे हम

भूमिकाएँ

आप मम्मी

और मैं नेना बन

पू-झा और

लुका-छिपी

खूब खेलने लगे

बैठना भी

सीख गए आप

किताबों के बीच

पूछ-पूछकर

अक्षर भी

पहचानने लगे

तबसे तो अपना 

लिखने-पढ़ने

सीखने-सिखाने

का दिलचस्प क्रम

चल निकला

मैं ने आपको

अक्षर सिखाया 

और आपने मुझे

कम्प्यूटर ऑन

करने से 

टाइपिंग तक

आपने

इसी तिथि को

दिया था मुझे

माँ बनने का गौरव

मुझे नहीं पता

मैं अच्छी

माँ बन पाई 

कि नहीं

पर आप

बहुत अच्छे

बच्चे हो

खरे सोने से लोचदार

सच्चे हीरे से

चमकदार

और स्वच्छ जल

की तरह पारदर्शी।








व्यापार करने लगे हैं

 लोग पहले प्यार

करते थे

अब व्यापार

करने लगे हैं

व्यापार का होता

एक ही उसूल

मुनाफा आता रहे

बना रहे मूल

लाभ के लिए अब

एक का दो

दो का चार करने

लगे हैं

व्यापार में

एक एक मिनट

कीमती है

सामान के साथ

बोतल डब्बा भी

कीमती है

लाभ के लिए लोग

बातें घुमावदार करने लगे हैं


सूनि लिय

Friday, 30 June 2023

अक्सर

 अक्सर बड़ी जगहों पर छोटी

और छोटी जगहों पर

बड़ी सोच वाले लोग मिले

अक्सर बड़े मकानों में पुतले

और झोंपड़ियों में इंसान मिले

अक्सर अपनों से उपेक्षा

अनजानों से अपेक्षा मिली

अक्सर पैसेवाले स्वार्थी और

खाली जेबवाले उदार मिले

अक्सर प्यार का दावा करने वाले फरेबी

प्यार छुपाने वाले प्रेमी निकले

अक्सर जिनसे उम्मीदें थीं उनसे धोखा

जिनसे नहीं थीं उनसे प्यार भरी सौगात मिली

अक्सर हँसते रहने वाले वास्तव में दुखी

और रोते रहने वाले भीतर से खुश निकले।

अक्सर बुढ़ापे में सच्चे प्रेम को परवान चढ़ते

और जवानी में झूठे वायदों को

सजते देखा गया

अक्सर डॉक्टर मरीज से ज्यादा

घायल पाया गया

अक्सर दवा से ज्यादा दुआ

काम आई

अक्सर वारदात को

दिन दहाड़े अंजाम दिया गया

अक्सर दावतों से लोग भूखे लौटे

अक्सर बचे हुए भोजन ने अतिथियों को तृप्त किया।


आदत

 आदत

चुप रहने की

आदत ने उसे

सिंहासन तक

पहुँचा दिया

बोल पड़ने की

आदत ने मुझे

बेघर कर दिया।


Thursday, 23 March 2023

जीवन एक लंबी कविता

 जीवन एक लम्बी कविता


जब …

मेरी

अनदेखी होती है

मैं

काम की

गति और

गुणवत्ता बढ़ाने

के लिए

दिन-रात

एक कर देती हूँ

जब..

प्रशंसा

होती है

मैं कानों को

बंद कर लेती हूँ

जब..

निंदा होती है

मैं त्रुटि-सुधार

के लिए

साधना करती हूँ

जब…

मेरे या 

किसी अन्य के साथ

अन्याय होता है

मैं और

प्रतिबद्ध हो

उठती हूँ

न्याय के प्रति

जब...

मेरी तरफ

बढ़ता है

मित्रता का हाथ

मैं उसे

चहककर

थाम लेती हूँ

जब...

मिलता है प्रेम

भावविभोर

हो जाती हूँ

जब...

मुझपर भरोसा

किया जाता है

मैं नतमस्तक

होकर

विनम्रता

और जिम्मेदारी

के भाव से

भर जाती हूँ

एक कवि

होने का

कर्तव्य

निभाऊंगी मैं

अपनी आखिरी

साँस तक

इस जीवन

को मैं

एक लम्बी कविता

की तरह

पढ़ने-समझने

का प्रयत्न

करती हूँ

कभी नहीं

ऊबता मेरा मन

इसमें डूबने से

क्योंकि कविता

की व्याख्या

अनन्त होती है।